Spread the love

एकादशी व्रत की सम्पूर्ण जानकारी | महत्व, नियम, व्रत विधि, पारण और शास्त्रीय प्रमाण

एकादशी व्रत में भगवान विष्णु की पूजा करते हुए भक्त, तुलसी अर्पण और दीप जलाते हुए

एकादशी व्रत की शास्त्रीय जानकारी

एकादशी व्रत कोई सामान्य व्रत नहीं, बल्कि मन और शरीर की शुद्धि का एक आध्यात्मिक मार्ग है। इस व्रत से हमें भक्तवत्सल भगवान श्री हरी विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है । इसलिए शास्त्रों के अनुसार इसके नियम और समय का पालन अवश्य करना चाहिए।

1. व्रत का आरम्भ (संकल्प)

शास्त्रीय निर्देशों के अनुसार, व्रत का संकल्प सूर्योदय से पहले कर लेना चाहिए।

धर्मसिन्धु, निर्णयसिन्धु और विष्णु धर्मसूत्र जैसे ग्रन्थों में कहा गया है:

एकादश्यां उपवासः स्यात्, सूर्योदयात्पूर्वमेव संकल्पः।

अर्थ: व्रत का संकल्प ब्राह्म मुहूर्त में (सूर्योदय से लगभग 1.5 से 2 घंटे पहले) उठकर, स्नान और पूजन करना शास्त्रसंगत माना गया है।

 2. व्रत का समापन (पारण)

पद्म पुराण (उत्तराखण्ड) के अनुसार:

द्वादश्यां प्रातरुत्थाय हरिवासरवर्जितम्। पारणं कारयेत् भक्त्या विष्णुभक्तः समाहितः॥

अर्थ: द्वादशी के दिन ‘हरिवासर’ (भगवान का विश्रामकाल) समाप्त होने के बाद ही पारण करना चाहिए। सामान्यतः यह सूर्योदय के बाद से लेकर मध्याह्न (लगभग 10:30 बजे तक) के बीच करना उत्तम होता है।

निष्कर्ष: व्रत का संकल्प सूर्योदय से पहले (ब्राह्ममुहूर्त में) और पारण अगले दिन द्वादशी के सूर्योदय के बाद, हरिवासर समाप्त होने के उपरांत करें। इसलिए एकादसी तिथि सूर्य उदय से लगभग 1.5 से 2 घंटे पहले शुरू होनी चाहिए।

3. दशमी-युक्त एकादशी का निषेध

एकादशी व्रत केवल शुद्ध‘ (निर्मल) तिथि में ही किया जाता है। यदि एकादशी तिथि में दशमी का थोड़ा भी अंश (संयोग) हो, तो वह ‘अशुद्ध’ या ‘मलिन’ मानी जाती है और ऐसा व्रत फल नाशक होता है।

शास्त्रीय प्रमाण:

  • विष्णु धर्मसूत्र: दशम्या युक्तमेकादश्यां व्रतं न कर्तव्यम्।
  • पद्म पुराण: दशम्यां स्पृश्यमाना या तिथिः पापप्रदा स्मृता… तस्मात् दशयुक्ता त्याज्या वैष्णवैः।

अर्थ: यदि सूर्योदय के समय (या जिस स्थान पर आप हैं वहाँ) एकादशी तिथि का किसी-न किसी रूप में दशमी से स्पर्श हो रहा है तो उस दिन व्रत न करें।

4. एकादशी का महात्म्य

पद्म पुराण और विष्णु धर्मसूत्र में एकादशी के महात्म्य का वर्णन है:

पद्म पुराण: एकादश्यां उपवासः स्यात् सर्वपापप्रणाशनः। (एकादशी व्रत सभी पापों का नाश करने वाला है।)

विष्णु धर्मसूत्र: एकादश्यां तु यो नित्यं उपोष्य विष्णुस्मरणं करोति स वैकुण्ठं गच्छति। (जो नियमपूर्वक उपवास कर विष्णु का स्मरण करता है, वह वैकुण्ठ को प्राप्त होता है।)

5. द्वादशी तिथि का महत्व

द्वादशीं विष्णुतिथ्याहुः सर्वपापनिवारिणीम्। यः सम्यक् पूजयेद् विष्णुं तस्य पुण्यफलं महत्॥” (पद्म पुराण)

अर्थ: द्वादशी तिथि विष्णुजी को अत्यंत प्रिय है। इस दिन उनकी पूजा करने से सभी पाप नष्ट होकर महान पुण्य की प्राप्ति होती है।

भगवान विष्णु के 12 स्वरूपों (द्वादश नाम)

केशव, नारायण, माधव, गोविंद, विष्णु, मधुसूदन, त्रिविक्रम, वामन, श्रीधर, हृषीकेश, पद्मनाभ, दामोदर—के कारण इसे विष्णु द्वादशी कहा जाता है।

इसलिए यदि एकादशी द्वादशी तिथि युक्त होती है, तो वह तिथि अत्यंत शुभ और पुण्यदायिनी मानी जाती है, क्योंकि उस दिन भगवान विष्णु की उपासना और पारण–दोनों का योग होता है।

निष्कर्ष: इन सभी तिथियों का शास्त्रीय प्रमाण इसलिए दिया गया है ताकि आपको यह पता चल सके कि वास्तव में होता क्या है। इन सब प्रमाणों का मूल निष्कर्ष यही है कि एकादशी व्रत सूर्योदय से आरम्भ होकर अगले दिन के सूर्योदय तक रहती है। इसलिए, एकादशी तिथि इसी समयावधि के भीतर आनी चाहिए। यदि सूर्योदय के दो घंटे के भीतर दशमी तिथि हो, तो वह दशमी-युक्त एकादशी कहलाती है, जिसका व्रत शास्त्रों में निषिद्ध है।

 “यदि इसके बाद भी किसी को संदेह हो, तो भाव और श्रद्धा ही सर्वप्रिय होती हैं।

अर्थ: यदि तिथि या नियम को लेकर मन में कोई भ्रम रह जाए, तो सबसे महत्वपूर्ण है आपकी भक्ति, भावना और श्रद्धा–वही भगवान को सबसे प्रिय है।

हरि शरणम्। प्रभु की कृपा से सबका जीवन सुखमय बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top